मेक इन इंडिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मेक इन इंडिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 25 जनवरी 2023

74वें गणतंत्र दिवस पर इस बार होगा काफी कुछ नया

74वें गणतंत्र दिवस पर इस बार होगा काफी कुछ नया 

मिस्र देश के राष्ट्रपति होंगें मुख्य अतिथि

इस बार '26 जनवरी, 2023' को 74वां गणतंत्र दिवस समारोह बेहद खास रहने वाला है क्योंकि परेड में कई नई पहल की जाएंगी। इसलिए 2023 के आगामी गणतंत्र दिवस से जुड़ी जानकारी प्रत्येक भारतीय के लिए बेहद दिलचस्प रहेगी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत 'मेक इन इंडिया' योजना को प्रदर्शित किया जा रहा है। आइए विस्तार से जानते हैं इसके बारे में...

'आत्मनिर्भर भारत' की परेड के होंगे दर्शन

गौरतलब हो इस बार परेड के दौरान दर्शकों को कई चीजें पहली बार देखने को मिलेंगी जिनमें सबसे महत्वपूर्ण होगी सेना की सभी हथियार प्रणालियां जो 'मेड इन इंडिया' हैं। यानि इस बार कर्तव्य पथ पर 'आत्मनिर्भर भारत' की परेड के दर्शन होंगे।

ब्रिटिश-युग की 25-पाउंडर तोपों की जगह लेगी इंडियन फील्ड गन्स

वहीं इस बार, 21 तोपों की सलामी देशी 105 एमएम इंडियन फील्ड गन्स से दी जाएगी, जो द्वितीय विश्व युद्ध में इस्तेमाल की जाने वाली ब्रिटिश-युग की 25-पाउंडर तोपों की जगह लेगी। हालांकि इन देशी बंदूकों का इस्तेमाल पिछले साल के स्वतंत्रता दिवस के दौरान किया गया था, लेकिन यह पहली बार है जब गणतंत्र दिवस पर इनका इस्तेमाल किया जाएगा।

नवनियुक्त अग्निवीर पहली बार परेड का हिस्सा होंगे

इस बार नवनियुक्त अग्निवीर भी पहली बार परेड का हिस्सा होंगे। ये अग्निवीर पिछले वर्ष अग्निवीर योजना के तहत देश के रक्षा के लिए सेना में भर्ती हुए थे। इस संबंध में भारतीय नौसेना का यह जानकारी साझा कर चुकी है कि इतिहास में पहली बार कर्तव्‍य पथ में मार्चिंग दस्ते में तीन महिला और पांच पुरुष अग्निवीर भी परेड में भाग लेंगे।

समारोह में अनेक नए कार्यक्रम

इसके अलावा गणतंत्र दिवस समारोह को बेहद अनोखा बनाने के लिए इस बार अनेक नए कार्यक्रम भी जोड़े गए हैं। इनमें सैन्य टैटू और जनजातीय नृत्य उत्सव, वीर गाथा 2.0, वंदे भारतम नृत्य प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर सैन्य और तटरक्षक बैंड का प्रदर्शन; राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में अखिल भारतीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता, बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान एक ड्रोन शो और प्रोजेक्शन मैपिंग इत्यादि शामिल है। कार्यक्रमों में देश की सांस्कृतिक विविधता और स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल इंडिया के उदय को प्रदर्शित करने के लिए सैन्य टैटू और आदिवासी नृत्य उत्सव, वीर गाथा और वंदे भारतम 2.0, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर अखिल भारतीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता और बीटिंग द रिट्रीट के दौरान अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन शो और एनामॉर्फिक प्रोजेक्शन मैंपिंक कार्यक्रम तय किया गया है।

मिस्र की एक सैन्य टुकड़ी और

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सीसी 26 जनवरी को नई दिल्‍ली में गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे। 2022-23 में भारत की G-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को भी ‘अतिथि देश’ के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं समारोह में मिस्र की सैन्‍य टुकड़ी भी भाग ले रही है। मिस्र के राष्ट्रपति समेत उनके देश का मार्चिंग दल भी परेड में भाग लेगा।

देश की रक्षा में तैनात महिला सैनिकों का दस्ता आएगा नजर

वहीं पाकिस्तान के साथ रेगिस्तानी सीमा की रक्षा करने वाली महिला सैनिक, बीएसएफ ऊंट दल का हिस्सा होंगी और रणनीतिक आधार पर तैनात एक महिला अधिकारी 'नारी शक्ति' का प्रदर्शन करने वाले नौसेना के 144 नाविकों के दल का नेतृत्व करेंगी।

नौसेना का IL-38 परेड के लिए भरेगा अपनी आखिरी उड़ान

नौसेना का जासूसी विमान आईएल-38 विमान, जिसने चार दशकों से अधिक समय तक समुद्री सेना की सेवा की, परेड के लिए अपनी आखिरी उड़ान भरने के साथ ही इतिहास की किताबों में दर्ज हो जाएगा। समुद्री टोही विमान IL-38 ने लगभग 42 वर्षों तक नौसेना की सेवा की है। इसके अलावा परेड के फ्लाई पास्ट में भाग लेने वाले 44 विमानों में नौ राफेल जेट, स्वदेश निर्मित प्रचंड, एक बहु-भूमिका, लाइट कॉम्बेट हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे।

लाल किले तक परेड के पारंपरिक मार्ग को पुन: किया जाएगा शुरू

दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल भवानीश कुमार ने बताया है कि परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और टुकड़ी सीधे लाल किले तक मार्च करेगी। महामारी के दौरान, लाल किले तक परेड के पारंपरिक मार्ग को कोविड प्रतिबंधों के कारण बंद कर दिया गया था।

कुल 23 झांकियां परेड का बनेंगी हिस्सा

भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक और सामाजिक प्रगति को दर्शाने वाली कुल 23 झांकियां- राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 17 और विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से छह झांकियां राजसी परेड का हिस्सा होंगी। इनके इतर इस बार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भी पहली बार झांकी में शामिल होने जा रहा है।
(स्रोत : पीबीएनएस)